Prime Minister Shri Narendra Modi will visit Ajmer on 28 February: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को आएंगे अजमेर

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर दौरे पर आएंगे। इस कार्यक्रम में वे 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की पहली खुराक प्रदान कर राज्य में एचपीवी टीकाकरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

एचपीवी टीकाकरण अभियान

यह अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को कम उम्र में ही टीका लगाकर उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करना है। यह कार्यक्रम बीमारी के इलाज के बजाय उसकी पहले से रोकथाम पर जोर देता है, साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने पर केंद्रित है।

प्रधानमंत्री इस अवसर पर शहरी विकास, पेयजल, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक आधारभूत ढांचे से जुड़ी कुल 43 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, जिनकी कुल लागत लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपये है। इनमें से करीब 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभागों—जैसे शहरी विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन और उद्योग—से संबंधित हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को आएंगे अजमेर

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा क्षेत्र की लगभग 8 हजार 132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 2 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी और 7 का लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री 4 हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें करीब 1 हजार 207 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 में एनएच-76 जंक्शन से एनएच-12 के उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे, तथा राज्यभर में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के कार्य शामिल हैं।

इसी क्रम में जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक लागत से सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड, जोधपुर में महामंदिर से अखलिया चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपये की 4 लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में लगभग 322 करोड़ रुपये की लागत से मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग के शिलान्यास की भी घोषणा की जाएगी।

स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना के 1 हजार 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 4 पैकेज तथा परवन अकावद वृहद पेयजल परियोजना के 2 हजार 247 करोड़ रुपये के 5 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।

ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान को और सशक्त बनाने के लिए 3 हजार 616 करोड़ रुपये की विद्युत पारेषण प्रणाली का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन केंद्रों से बिजली का सुगम ट्रांसमिशन सुनिश्चित हो सके। साथ ही 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशनों की नींव भी रखी जाएगी।

पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक प्रगति को गति देने के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में बुनियादी ढांचे और पेयजल आपूर्ति से जुड़े कई कार्यों की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संस्थानों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इनमें 3 हजार 320 से अधिक पटवारी, 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक व लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 3 हजार 822 सीएचओ, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स और नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।

Leave a Comment